चकिया – ब्लाक से सटे गांव में 14 विस्वा भूमि पर 20 वनवासियों का सपना होगा पूरा, मुख्यमंत्री आवास योजना से मिलेगा अपना आशियाना….. सितम्बर माह तक आ जायेगा धनराशि, CDO व विधायक ने गांव में जाकर मिले वनवासियों से….…..हर जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित होगा CM आवास
चकिया (चंदौली)। अब वनवासियों के भी सपनों का घर होगा। चकिया ब्लॉक से सटे दिरेहू गांव के जंगल बैरा में वर्षों से झोपड़ी डालकर जिंदगी काट रहे 20 वनवासियों को सरकार ने स्थायी आशियाने का तोहफा दिया है। बीते दिनों तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन सभी वनवासियों को 14 विस्वा भूमि का पट्टा सौंपा गया था। इसी भूमि पर अब मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाए जाएंगे।
सितंबर तक सभी पात्र परिवारों के खाते में आवास निर्माण की धनराशि पहुंच जाएगी। इसके साथ ही उन्हें अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से भी आच्छादित किया जाएगा।
आज सोमवार को सीडीओ आर. जगत साईं और क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह के साथ गांव पहुंचे और सभी वनवासियों से मुलाकात की। विधायक ने भरोसा दिलाया कि “सरकार की मंशा है कि अब कोई भी गरीब बेघर न रहे। जल्द ही आपके खाते में धन भेजा जाएगा और आप अपना घर बना सकेंगे। इसके साथ ही मनरेगा योजना से बकरीशाला, हर घर नल-जल योजना से पेयजल कनेक्शन, घर-घर टोटी और बिजली कनेक्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।”
गांव के लोगों से बात करते हुए सीडीओ ने भी आश्वस्त किया कि हर लाभार्थी को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ मिलेगा।
इस मौके पर बीडीओ विकास सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, प्रधान प्रतिनिधि इम्तियाज अहमद, श्यामजी सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व स्थानीय नेता मौजूद रहे।
वनवासियों ने सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि “अब हमें भी पक्का घर, पानी, बिजली और रोजगार का सहारा मिलेगा। यह हमारे लिए सपने के सच होने जैसा है।”

















