चकिया – सीएचओ रिंकी को मिला नारी शक्ति सम्मान, कुशल नेतृत्व के चलते आरोग्य मंदिर बढ़ रहा है आगे…… वाराणसी मंडल में आया था पहले स्थान पर, मिल चुका है राष्ट्रीय पुरस्कार
कुशल नेतृत्व के चलते अमरा उत्तरी का स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय पुरस्कार पा चुका है।
चकिया, चंदौली। स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य और बेहतर प्रबंधन के लिए अमरा उत्तरी के आयुष्मान आरोग्य मंदिर की कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) रिंकी को नारी शक्ति सम्मान 2024 से नवाजा गया। यह सम्मान पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।
गौरतलब है कि सीएचओ रिंकी के नेतृत्व में यह केंद्र मंडल वाराणसी में पहला स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय पुरस्कार पा चुका हैं । प्रबंधक प्रशांत कुमार ने कहा कि “यह सम्मान पूरे स्वास्थ्य केंद्र की टीम की मेहनत का नतीजा है। सीएचओ रिंकी ने जिस लगन और समर्पण से कार्य किया है, उसने इस उपलब्धि को संभव बनाया।”
वहीं प्रधान राजेश कुमार ने कहा कि “अमरा उत्तरी के लिए यह गर्व की बात है कि यहां का स्वास्थ्य केंद्र मंडल स्तर पर पहले स्थान पर आया। यह उपलब्धि पूरे गांव और क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी है।”
सीएचओ रिंकी ने सम्मान पाकर खुशी जताते हुए कहा कि “यह उपलब्धि सिर्फ मेरी नहीं बल्कि पूरे स्वास्थ्य केंद्र की टीम और ग्राम पंचायत के सहयोग का परिणाम है। इस सम्मान से मुझे और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिली है। मेरा प्रयास रहेगा कि गांव के हर व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचे।”
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान राजेश कुमार, प्रबंधक प्रशांत कुमार,आशा रितु पाल , नीलम देवी, पूनम सिंह , उषा देवी, पूनम, विद्यावती देवी , ऐनम प्रीति कुशवाहा सहित आशा संगिनी व अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।













