चकिया के जलेबियां मोड़ पर विकसित होगा नया पर्यटन स्थल, विधायक व सीडीओ ने किया निरीक्षण………प्रस्ताव बनाकर जल्द मंजूरी के लिए शासन को भेजा जायेगा, विधायक ने कहा इसके लिए पर्यटन मंत्री से भी मिलूंगा, बनेगा रापता मार्ग, हाट झोपड़ी
चकिया (चंदौली)। पर्यटन विकास की दिशा में जनपद चंदौली को एक और सौगात मिलने जा रही है। चकिया के जलेबियां मोड़ के पास स्थित खाली पड़ी भूमि को जल्द ही पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजने की तैयारी है। गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं व चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ विकास की संभावनाओं पर मंथन किया।
निरीक्षण के दौरान तय किया गया कि वन विभाग की देखरेख में यहां पर रापता मार्ग, हाट झोपड़ी, टीनशेड और विश्राम स्थल का निर्माण कराया जाएगा, ताकि पर्यटक यहां ठहरकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद उठा सकें। अधिकारियों का मानना है कि राजदरी, देवदरी और औरवाटांड की तर्ज पर यह स्थल भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेगा।
विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि क्षेत्र की खूबसूरती को पर्यटन मानचित्र पर लाना उनका प्रयास है। यदि यह योजना मूर्त रूप लेती है तो न सिर्फ क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के तहत चंदौली को पर्यटन के क्षेत्र में अलग पहचान दिलाई जाएगी।
सीडीओ आर. जगत साईं ने बताया कि प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही कार्ययोजना को धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की, ताकि यह स्थल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन सके।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, श्याम जी सिंह, बीडीओ विकास सिंह, विजया नंद द्विवेदी सहित कई लोग मौजूद रहे।