चंदौली – भाभी ने देवर को किडनी देकर बचाई जान, कल गुड़गांव में अस्पताल में हुआ आपरेशन…….नीलम सिंह ने दिया मानवता का संदेश, विधायक ने बताया यह मानवता का अद्वितीय उदाहरण है
चंदौली। जनपद के इमिलिया गांव निवासी नीलम सिंह ने अपने देवर की जिंदगी बचाने के लिए अपनी किडनी दान कर दी। भाजपा नेता इंदल सिंह बाबा का किडनी खराब हो गया था, जिसके बाद उनकी भाभी नीलम सिंह ने उन्हें अपनी किडनी देकर नया जीवनदान दिया।
इंदल सिंह बाबा की तबीयत कुछ समय पहले बिगड़ गई थी। जांच में पता चला कि उनकी किडनी खराब हो गई है। बरहनी जिला पंचायत सदस्य सीमा सिंह ने अपने पति इंदल सिंह का लखनऊ के कई बड़े अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
इसके बाद उन्हें गुड़गांव के आर्ट मिक्स हॉस्पिटल सेक्टर 52 में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने किडनी ट्रांसप्लांट की सलाह दी। इस पर इंदल सिंह की भाभी नीलम सिंह ने अपनी किडनी देने का निर्णय लिया।
डॉक्टर एल के त्रिपाठी के नेतृत्व में इंदल सिंह बाबा का सफल किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। भाभी के इस त्याग की समाज में काफी सराहना हो रही है। मृत्युंजय सिंह दीपू ने कहा कि भाभी द्वारा देवर को किडनी देने से समाज को एक सकारात्मक संदेश मिला है।
उन्होंने कहा कि इससे भाई-भाई के प्रेम को मजबूती मिलेगी। आज के समय में जब जमीन-जायदाद के लिए भाई-भाई दुश्मन बन जाते हैं, तब नीलम सिंह का यह कदम संयुक्त परिवार की ताकत को दर्शाता है।
वहीं सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह ने कहा कि नीलम जी ने जो किया है । यह मानवता का अद्वितीय उदाहरण हैं। समाज को ऐसे प्रेरणादायी कार्यों से सीख लेनी चाहिए।”
इस अवसर पर सीमा सिंह जिला पंचायत सदस्य, संस्कार सिंह, सोनू सिंह, मंटू सिंह, भगवती तिवारी जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि, अरुण सिंह और मृत्युंजय सिंह सचिव रामधारी सिंह दिनकर सेवा समिति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।