Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेश

सरकारी राशन ले रही पाकिस्तानी महिला, फर्जी आधार कार्ड भी बनवाया, रिपोर्ट

लखनऊ।

बरेली में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बारादरी इलाके में दीर्घकालिक वीजा पर रह रही पाकिस्तानी महिला ने खुद को परिवार की मुखिया दर्शाकर फर्जी राशन कार्ड बनवा लिया और उस राशनकार्ड से राशन भी ले रही थी। महिला का फर्जी आधार कार्ड भी बनवाया गया है। इसका खुलासा होने पर पुलिस ने पाकिस्तानी महिला के खिलाफ बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने महिला की निगरानी शुरू कर दी है। 

बारादरी थाने में तैनात दरोगा सौरभ तोमर ने पाकिस्तान महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि वर्तमान में एसएसपी के निर्देश पर शहर में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या, बांग्लादेशी और पाकिस्तानियों के विरुद्ध चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ऑपरेशन खोज के तहत जब सौरभ तोमर सूचनाएं जुटा रहे थे, तभी उन्हें जानकारी मिली कि पाकिस्तानी नागरिक फरहत सुल्ताना दीर्घकालिक वीजा पर बारादरी के सूफी टोला में रह रही है। 

फरहत ने सूफी टोला निवासी शाहिद खलील से निकाह कर लिया है। फरहत सुल्ताना ने छल कपट और जालसाजी कर आधार कार्ड हासिल कर लिया। इतना ही नहीं फरहत ने खुद को परिवार का मुखिया दर्शाकर भारतीय राशन कार्ड भी बनवा लिया। फरहत को जब भारतीय नागरिकता प्राप्त ही नहीं है तो ऐसे में उसका आधार और राशन कार्ड कैसे बन गया, इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। फरहत के जाली दस्तावेज बनाने वालों पर भी कार्रवाई होगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *