आरटीओ ऑफिस में डीएम ने मारा छापा, दीवार फांदकर भागे दलाल; बोले- CCTV फुटेज देख दलालों पर कराएं FIR
लखनऊ, पूर्वांचल पोस्ट न्यूज नेटवर्क।
राजधानी लखनऊ में दलालों की धरपकड़ के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने पुलिस के साथ ट्रांसपोर्ट नगर स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में छापा मारा। भारी पुलिस के साथ अचानक हुई छापेमारी से वहां पर हड़कंप मच गया। पकड़े जाने के डर से कई दलाल दीवार फांदकर भाग गए। इस दौरान कुछ लोग पकड़े भी गए लेकिन पूछताछ के बाद उनको छोड़ दिया गया। छापे में डीएम के साथ संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था अमित वर्मा भी थे।मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार अचानक आरटीओ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले कार्यालय के सभी गेट बंद करा दिए। फिर वहां आए लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। जिस काम के लिए लोग आए थे उसके कागज चेक किए। कुछ लोग संदिग्ध लगे तो उनसे गहरी से पूछताछ की। हालांकि सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों को छोड़ दिया गया।





