BJP इन सीटों पर कर सकती है बड़ा उलटफेर, अगले तीन दिनों में साफ हो जाएगी तस्वीर; इस नेता के दौरे से सियासी हलचल तेज
प्रयागराज। (Lok Sabha Election) भाजपा ने पहले चरण में देश भर की 195 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। इनमें उत्तर प्रदेश की 51 सीटों के उम्मीदवार भी शामिल हैं। अभी यहां की 29 सीटों पर पर्चे खुलने बाकी है। इनमें कौशांबी, फूलपुर और इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र भी शामिल है। इन सभी सीटों पर दो दर्जन से अधिक दावेदार हैं। जब तक केंद्रीय चुनाव समिति से नामों को अंतिम रूप नहीं दे दिया जाता है तब तक सभी दावेदार स्वयं को मजबूत उम्मीदवार बता रहे हैं।

सोमवार को उस समय हलचल बढ़ गई जब कैबिनेट मंत्री व लोकसभा क्लस्टर प्रभारी अनिल राजभर संगम नगरी पहुंचे। वह संघ कार्यालय पर करीब आठ बजे समन्वय बैठक में संघ विचार परिवार के पदाधिकारियों के साथ बैठे। जन प्रतिनिधियों से भी अलग-अलग कई दौर में संवाद किया।
फूलपुर और इलाहाबाद सीट पर हुआ मंथन
माना जा रहा है कि इस बैठक में फूलपुर और इलाहाबाद संसदीय सीट के उम्मीदवारों पर गहन मंथन हुआ। पार्टी की तरफ से कराए गए आंतरिक सर्वे पर भी मंत्रणा की गई। संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों से पार्टी के मंतव्य को बताते हुए उनकी राय जानी गई। वर्तमान सांसदों के पक्ष और विपक्ष में आए विचारों को शीर्ष नेतृत्व के पास भेजा जाएगा। उसके आधार पर टिकट की घोषणा होगी।



