10वीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षा का बदला समय, जानें- कितने बजे शुरू होंगे एग्जाम
वाराणसी। माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की वर्ष 2024 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा इस बार बदले समय से होगी। परीक्षा का समय एक घंटे बढ़ा दिया गया है। अब तक सुबह 7.30 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा का समय बदलकर 8.30 बजे कर दिया गया है। परीक्षा 8.30 से 11.45 बजे तक होगी। साथ ही परीक्षा केंद्र पर दोनों पाली में आधे घंटे तक पहुंचने वालों को विलंब का कारण बताना होगा। इसके बाद वहां मौजूद अधिकारियों की अनुमित पर प्रवेश दिया जाएगा।
जिले में 22 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षा में जिले में 128 केंद्रों पर 98886 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल में 52157 और इंटर में 46729 परीक्षार्थी हैं। अब जबकि दो दिन का समय बचा है, ऐसे में 128 में से 103 केंद्रों पर कॉपी के साथ ही पेपर भी पहुंच गए हैं। जहां तक परीक्षा के समय की बात है तो बोर्ड की ओर से केवल पहले पाली का ही समय बदला गया है, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा (दोपहर 2 से 5.15 बजे तक) के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसकी सूचना केंद्रों पर चस्पा कराई जाएगी।




