पुलिस परेशान: चोरी का अंडा कहीं बन ना जाए चूज़ा..! गांव-गांव में हो रही चर्चा
डोभी (गया)। शिक्षा विभाग के आदेश पर विद्यालय में बच्चों को अंडा देने का आदेश आया। जिसके आलोक में सभी विद्यालय में बच्चों को अंडा दिया जाने लगा। मध्य विद्यालय गोईठामीठा से बदमाशों ने 200 अंडे चोरी कर लिए। इसके बाद मामला पुलिस थाने तक पहुंचा। पुलिस ने भी गंभीरता दिखाते हुए प्राथमिकी दर्ज की।

पुलिस के सामने अब कड़ी चुनौती खड़ी है। बहेरा ओपी अध्यक्ष पवन कुमार ने कहा की अंडों की बरामदगी कठिन कार्य है, परंतु फिर भी पुलिस अपना कार्य कर रही है। इधर, ग्रामीणों में चर्चा का विषय है की पुलिस की बरामदगी तक अंडा बचेगा या वह चूजा बन जाएगा। चूजा बनने के बाद फिर पुलिस कैसे अंडे की बरामदगी कर पाएगी।
अंडों को लेकर एक और बड़ा सवाल
सवाल ये भी है कि प्राथमिकी में अंडा दिखाया गया है तो क्या पुलिस बरामदगी में चूजे को दिखाएगी। वहीं, ओपी अध्यक्ष पवन कुमार ने बताया की आवेदन के आलोक में पुलिस घटनास्थल पर जाकर छानबीन की है। आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज की गई है। संदेह के आधार पर स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।



