हादसा: दरोगा, होमगार्ड व 2 सगी बहनों सहित 6 लोगों की हुईं दर्दनाक मौत…..नहीं रुक रहे आंसू , जा रहे थे तिलक में
कानपुर, पूर्वांचल पोस्ट न्यूज नेटवर्क।
कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव के पास अंधे मोड़ पर रविवार की देर रात बारिश के दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गई। हादसे में बीएसएफ के दरोगा समेत एक होमगार्ड, दो सगी बहनों समेत छह लोगों की मौत हो गई।
कार सवार सभी लोग तिलक समारोह में शामिल होकर भिंड से मुर्रा डेरापुर लौट रहे थे। हादसे के दौरान दो बच्चे कार का शीशा तोड़कर बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई। डेरापुर थाना क्षेत्र के मुर्रा निवासी पंकज शर्मा की बेटी सुगम शर्मा का तिलक लेकर परिवार के लोग रविवार को मध्यप्रदेश के जिला भिंड के बड़ापुरा (फुफगांव) गए थे। देर रात पंकज का परिवार और रिश्तेदार अलग-अलग गाड़ियों से वापस गांव लौट रहे थे। एक कार में पंकज का छोटा भाई विकास और परिवार के लोग थे। विकास कार से रात दो बजे के करीब जैसे ही सिकंदरा थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव के अंधे मोड़ के पास पहुंचे तभी बारिश की वजह से फिसलन होने से कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे करीब आठ फीट गहरे पानी भरे नाले में पलट गई।

हादसे में विकास की बेटी वैष्णवी उर्फ नैंसी (14), बेटा शिवा उर्फ विराट (12) किसी तरह शीशा तोड़कर बाहर निकल आए लेकिन विकास समेत छह लोग कार में फंसे रहे।
काफी देर बाद हादसे की जानकारी मिलने पर ग्रामीण पहुंचे और जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और सिकंदरा स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने विकास शर्मा (42) निवासी मुर्रा थाना डेरापुर, खुशबू (17) पुत्री पंकज शर्मा, प्राची (13) पुत्री पंकज निवासी मुर्रा थाना डेरापुर, गोलू (16) पुत्र विजय निवासी बैरी बाघपुर थाना शिवली, प्रतीक (10) पुत्र पवन निवासी शैलहा थाना शिवराजपुर कानपुर नगर व संजय शर्मा (45) उर्फ संजू निवासी एमएल-69 बर्रा-4 कानपुर को मृत घोषित कर दिया।




