Wednesday, September 2, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

‘शिक्षा शेरनी का दूध, जितना पियोगे उतना दहाड़ोगे’… चकिया में गरजी पीडीए जन चौपाल, बदल के लिए सब साथ सांसद, पूर्व विधायक

शिक्षा शेरनी का दूध, जितना पियोगे उतना दहाड़ोगे’… चकिया में गरजी पीडीए जन चौपाल

रामजतन राजभर ने भरी हुंकार, आरक्षण-संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान

चकिया, चंदौली। सोनहूल स्थित गणपति बैंक्वेट हॉल में मंगलवार को समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित पीडीए जन चौपाल में शिक्षा, सामाजिक न्याय, आरक्षण और संविधान की रक्षा को लेकर नेताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने पिछड़े, दलित और वंचित समाज के लोगों से अधिकारों के प्रति जागरूक होकर एकजुट होने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी रामजतन राजभर ने शिक्षा को सामाजिक बदलाव और अधिकार हासिल करने की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा, “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो जितना पिएगा, उतना ही दहाड़ेगा।” उन्होंने पिछड़े, दलित और वंचित समाज के लोगों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज अपने अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठा सकता है।

राबर्ट्सगंज सांसद छोटे लाल खरवार ने पीडीए की एकजुटता और सामाजिक भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि वंचित वर्गों को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा। पूर्व विधायक पूनम सोनकर ने कहा कि पीडीए समाज को शिक्षा और सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक होकर संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहना होगा।

पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट ने आरक्षण और संविधान की रक्षा पर चर्चा करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय तभी मजबूत होगा, जब समाज में समानता और समान अवसर सुनिश्चित होंगे। उन्होंने कहा कि आरक्षण लंबे समय से वंचित समाज को बराबरी का अवसर देने वाला संवैधानिक माध्यम है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान राजाराम बियार ने की। संचालन जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर व मुस्ताक अहमद ने किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रभु नारायण यादव, सुधाकर कुशवाहा, टोनी खरवार, प्रधान मुन्ना भास्कर, दशरथ सोनकर, पूर्व प्रधान संतोष कुमार, राजेश, शोभनाथ प्रजापति, जिला पंचायत सदस्य लव बियार, रंजीत राजभर, वीरेंद्र राजभर, अश्वनी सोनकर समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *