Friday, August 28, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

गांव में तीन मौतों से अभी भी गम में डूबे हैं लोग , पीड़ित परिवारों से मिले विधायक कैलाश , विधायक ने दिया बड़ा भरोसा—पीड़ित परिवारों को नहीं छोड़ा जाएगा अकेला, दिया फार्म

किड़िहिरा पहुंचे विधायक कैलाश आचार्य, पीड़ित परिवारों को बंधाया ढांढस

जहरीली गैस हादसे में तीन युवकों की मौत के बाद परिजनों से मिले विधायक

 हरसंभव मदद का दिया भरोसा

शहाबगंज, चंदौली।

 थाना क्षेत्र के किड़िहिरा गांव में कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत के बाद गुरुवार को चकिया विधायक कैलाश आचार्य गांव पहुंचे। उन्होंने मृतकों के स्वजन से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया। विधायक ने पीड़ित परिवारों को शासन स्तर से नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिया।

गौरतलब है कि बंद और संकरे कुएं से समरसेबल निकालने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से पांच लोग अचेत हो गए थे। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई थी, जबकि दो लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया था। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि हादसे में हुई मौत बेहद दुखद और अपूरणीय क्षति है। इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और शासन स्तर तक पहुंचाकर नियमानुसार सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के सामने गांव की मूलभूत समस्याएं भी रखीं। ग्रामीणों ने गांव में बिजली के खंभे नहीं होने, आवागमन के रास्ते की टूटी पुलिया, पेयजल व्यवस्था और सड़क से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया।

ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया टूट जाने के कारण बड़ी गाड़ियों का गांव तक पहुंचना मुश्किल है। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से वार्ता कर समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि गांव में मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त कराने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

इसी दौरान विधायक को जानकारी मिली कि गांव निवासी मेराजुद्दीन का कच्चा मकान बारिश के कारण गिर गया है। इस पर वह मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया। परिवार से बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। विधायक ने मौके से ही एसडीएम से फोन पर वार्ता कर परिवार की स्थिति से अवगत कराया तथा नियमानुसार आवास और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

विधायक के गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि गांव की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *