Wednesday, August 26, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चन्दौली में 42 युवाओं को बड़ी सौगात, हाथ में आया सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र……चकिया विधायक ने कहा आज बिना एक रुपए दिए निष्पक्षता से मिल रहा है नौकरी

चन्दौली। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से चयनित प्राविधिक सहायकों को मंगलवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। इस दौरान जिले के लिए चयनित 42 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह और चकिया विधायक कैलाश खरवार ने नवचयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। नियुक्ति पत्र मिलते ही अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। जनप्रतिनिधियों ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

इस अवसर पर चकिया विधायक कैलाश खरवार ने कहा कि प्रदेश सरकार की पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के चलते युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। चन्दौली को मिले 42 प्राविधिक सहायक कृषि क्षेत्र को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। किसानों तक कृषि योजनाओं का लाभ पहुंचाने, आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने और शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने में इनकी अहम जिम्मेदारी होगी।

राज्यसभा सांसद साधना सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार मिलने से न केवल उनके भविष्य को मजबूती मिलेगी, बल्कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी आएगी।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *