Wednesday, August 19, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौलीवाराणसी

AI से डरें नहीं, उसे बनाएं अपनी ताकत : डॉ. विनय तिवारी, विश्व फोटोग्राफी दिवस पर न्यू बनारस कैमरा सोसाइटी का आयोजन

AI से डरें नहीं, उसे बनाएं अपनी ताकत : डॉ. तिवारी

विश्व फोटोग्राफी दिवस पर न्यू बनारस कैमरा सोसाइटी का आयोजन, सैकड़ों छायाकार हुए शामिल

वाराणसी। विश्व फोटोग्राफी दिवस पर बुधवार को रामकटोरा स्थित श्री अन्नपूर्णा बैंक्वेट में न्यू बनारस कैमरा सोसाइटी (NBCS) की ओर से आयोजन किया गया। काशी समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से सैकड़ों फोटोग्राफर व वीडियोग्राफर शामिल हुए। मुख्य अतिथि संस्था के संरक्षक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने स्व. रवि पाण्डेय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

डॉ. तिवारी ने कहा कि फोटोग्राफर केवल तस्वीर नहीं खींचता, बल्कि समय और समाज की यादों को सहेजता है। उन्होंने युवा छायाकारों से हर assignment को गंभीरता से लेने और सही क्षण को पहचानने की अपील की।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव पर उन्होंने कहा कि फोटोग्राफरों को AI से डरने के बजाय उसे सीखकर अपनी ताकत बनानी चाहिए। AI फोटोग्राफर को खत्म नहीं करेगा, लेकिन इसका बेहतर इस्तेमाल जानने वाला फोटोग्राफर आगे निकल सकता है। उन्होंने AI, नई एडिटिंग तकनीक, ड्रोन, सिनेमैटिक वीडियोग्राफी और डिजिटल मार्केटिंग सीखने पर जोर दिया। कहा कि महंगा कैमरा किसी को बड़ा फोटोग्राफर नहीं बनाता, बड़ी नजर बनाती है।

उन्होंने कहा कि NBCS के संरक्षक के रूप में फोटोग्राफरों के हित, सम्मान, तकनीकी विकास और भविष्य से जुड़े मामलों में संगठन के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने फोटोग्राफरों से अपने परिवार के साथ भी तस्वीरें खिंचवाने की अपील की।

कार्यक्रम में फोटो प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें वाइल्डलाइफ, लैंडस्केप, पोर्ट्रेट, स्ट्रीट और वेडिंग फोटोग्राफी की तस्वीरें आकर्षण का केंद्र रहीं। वरिष्ठ छायाकार रत्नाकर अवस्थी को फोटोग्राफी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं वैवाहिक छायाचित्र प्रतियोगिता में श्रेष्ठ छायाकारों को क्रमशः 1500, 1000 और 500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ छायाकार बिनय रावल ने की। अध्यक्ष रंजन गौड़ ने स्वागत और सचिव अजय पाण्डेय ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान अरविंद सिंह, सूर्यकांत, आदेश श्रीवास्तव, प्रिंस सिंह, राजेश सिंह, अमित राज, अभय श्रीवास्तव, प्रिंस बरनवाल और सतीश समेत बड़ी संख्या में फोटोग्राफर व वीडियोग्राफर मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *