बड़ी खबर: बारिश के रेड अलर्ट के बीच चंदौली में स्कूलों में छुट्टी, बीएसए ने आदेश किया जारी
चंदौली में भारी बारिश का रेड अलर्ट, आज बंद रहेंगे कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल
बच्चों की सुरक्षा को लेकर BSA ने जारी किया आदेश, सभी विद्यालयों में छुट्टी के निर्देश
चंदौली। मौसम विभाग की ओर से जिले में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 19 अगस्त को कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालय बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने 18 अगस्त को जारी आदेश में कहा है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग और प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ की ओर से चंदौली में 19 अगस्त को भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए जिले के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई सहित कक्षा एक से आठ तक संचालित विद्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

स्कूल बंद, कर्मचारी करेंगे ऑनलाइन काम
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार विद्यालय बंद रहने के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाएं और शिक्षणेत्तर कर्मचारी ऑनलाइन माध्यम से आवश्यक कार्यों का निस्तारण करेंगे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए बच्चों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसलिए यह निर्णय लिया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।






