नागपंचमी पर दुधारी में मचा ‘दम का दंगल’, रस्साकशी में युवाओं ने झोंकी पूरी ताकत; विजेताओं पर बरसा इनाम……पढ़ोगे-लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे तो होंगे पूरे ख्वाब।”
रस्साकशी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने आजमाई ताकत, विजेता टीमों को मिला नकद पुरस्कार
सैयदराजा (चंदौली)। नागपंचमी के अवसर पर सोमवार को क्षेत्र के दुधारी गांव में विलेज यूथ स्पोर्ट्स के तत्वावधान में युवा खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रस्साकशी समेत विभिन्न पारंपरिक खेलों में ग्रामीण युवाओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल को युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
डॉ. विनय ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी है। खेल से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा, “पढ़ोगे-लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे तो होंगे पूरे ख्वाब।”
रस्साकशी प्रतियोगिता में 60 किलोग्राम से कम और 60 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग की विजेता टीमों को डॉ. तिवारी ने अपनी ओर से एक-एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया। आयोजन समिति की ओर से विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजनों से खेल के प्रति रुचि बढ़ती है और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे आने का मंच मिलता है।
कार्यक्रम में गो रक्षा समिति के परमानंद तिवारी, सवर्ण आर्मी अध्यक्ष रत्नेश पाठक, गायत्री तिवारी, हास्य कवि रोहित पांडेय समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में रविन्द्र कुमार सिंह, आलोक चौहान, विशाल चौहान, संजय प्रजापति, विकास चौहान, विशाल मौर्य, इन्द्रल चौहान, ओमकार, रवि सिंह, भरभेश्वर सिंह चौहान, रिज्जू चौहान और दिलीप सिंह समेत आयोजन समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।








