Monday, July 6, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

“दीपावली पर किया था वादा, अब खुद फावड़ा उठाकर तहसीलदार ने खुलवाया वर्षों से बंद सरकारी रास्ता”

जब तहसीलदार ने खुद उठाया फावड़ा, वर्षों बाद अतिक्रमण से मुक्त हुआ सरकारी रास्ता

दीपावली पर किया था वादा, अब राजस्व टीम संग जंजीर से नापी कर निभाया भरोसा

चकिया (चंदौली)। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने रविवार को सख्त कार्रवाई करते हुए विकासखंड के सिकंदरपुर गांव की बियार बस्ती में वर्षों से बंद पड़े सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। तहसीलदार देवेंद्र यादव स्वयं मौके पर पहुंचे और राजस्व टीम से जंजीर के जरिए भूमि की नापी कराई। इसके बाद उन्होंने खुद फावड़ा उठाकर अभियान की शुरुआत की, जिससे ग्रामीणों में भी उत्साह बढ़ा और लोगों ने श्रमदान कर रास्ता साफ कराने में सहयोग दिया।

राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त मौजूदगी में पहले सरकारी भूमि की पैमाइश कर सीमांकन किया गया। इसके बाद रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। अभियान के दौरान ट्रैक्टर की मदद से मिट्टी और अवरोध हटाकर लंबे समय से बंद पड़े मार्ग को दोबारा आवागमन के लिए खोल दिया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि दीपावली के दौरान गांव पहुंचे तहसीलदार देवेंद्र यादव ने बरसात से पहले रास्ता खुलवाने का आश्वासन दिया था। रविवार को उन्होंने अपना वादा निभाते हुए स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कराई। तहसीलदार द्वारा फावड़ा चलाकर अभियान की शुरुआत करने की चर्चा पूरे क्षेत्र में रही।

रास्ता खुलने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन का आभार जताया। तहसीलदार ने लोगों से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करने और सार्वजनिक मार्गों को सुरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति पर कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *