Thursday, June 18, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

3 दिन, 3 बड़े फैसले: तहसीलदार ने खुलवाया वर्षों से बंद रास्ता, 50 परिवारों में खुशी की लहर…….’मौके पर समाधान’ मॉडल बना मिसाल, तहसीलदार व इंस्पेक्टर ने चलाया फावड़ा……प्रधान पक्ष और अन्य पक्ष में विवाद, अब बच्चों को स्कूल जाने में नही होगा

 

चकिया (चंदौली)। जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार मौके पर पहुंच रहे चकिया तहसीलदार देवेंद्र कुमार यादव ने तीन दिनों के भीतर तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए दादरा गांव में वर्षों से चले आ रहे रास्ता विवाद का निस्तारण करा दिया। राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में हुए समाधान से करीब 50 परिवारों को राहत मिली है और लंबे समय से बाधित आवागमन बहाल हो गया है।

जानकारी के अनुसार दादरा गांव में देवस्थान तक जाने वाले चकमार्ग पर अतिक्रमण और रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसके कारण ग्रामीणों, स्कूली बच्चों तथा आम लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। कई परिवारों का मुख्य मार्ग से संपर्क भी प्रभावित था। मामला संवेदनशील होने के कारण प्रशासन की नजर इस पर बनी हुई थी।

शिकायत मिलने पर तहसीलदार देवेंद्र कुमार यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को नायब तहसीलदार आलोक निषाद, राजस्व कर्मियों तथा बाबुरी थाना पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों पक्षों की बात सुनी और आपसी सहमति के आधार पर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कराया।

निस्तारण के बाद प्रशासन की मौजूदगी में मार्ग से अवरोध हटवाकर मिट्टी डलवाने का कार्य शुरू कराया गया, जिससे वर्षों से बंद पड़ा रास्ता फिर से सुगम हो सका। रास्ता खुलने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के कारण लोगों को काफी परेशानियां उठानी पड़ रही थीं। प्रशासन की सक्रियता से अब न केवल आवागमन की समस्या दूर हुई है, बल्कि गांव में सौहार्द और आपसी विश्वास का माहौल भी मजबूत हुआ है।

तहसीलदार देवेंद्र कुमार यादव ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर पहुंचकर समाधान कराया जा रहा है। भूमि एवं राजस्व संबंधी विवादों के निस्तारण के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार आलोक निषाद, कानूनगो, लेखपाल तथा बाबुरी थाना पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *