चंदौली – कड़ाके की ठंड में ओपीडी की पर्ची बनवाने के लिए भीड़…..मरीज बेहाल, इलाज से पहले पर्ची की परीक्षा
ठंड और बीमारी के डबल अटैक में सिस्टम फेल, ओपीडी पर्ची काउंटर पर उमड़ी भीड़
भीषण ठंड में मेडिकल कॉलेज ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतारें, घंटों इंतजार की मजबूरी
चंदौली।
कड़ाके की ठंड और बढ़ती मौसमी बीमारियों के बीच बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज से संबद्ध पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पर्ची बनवाने के लिए सुबह से ही लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। हालात यह हैं कि दोपहर एक बजे तक ही 300 से अधिक मरीज पर्ची काउंटर पर कतार में खड़े नजर आए।
ओपीडी का समय दोपहर तीन बजे तक है, जबकि मरीजों की संख्या कहीं अधिक है। पर्ची बनाने के लिए सिर्फ तीन काउंटर बनाए गए हैं, जहां तीन स्टाफ एक-एक कर पूरी लाइन की पर्ची बना रहे हैं। ठंड इतनी तेज है कि मरीजों, बुजुर्गों और महिलाओं को घंटों खुले में खड़ा रहना पड़ रहा है।
पर्ची काउंटर के पास बैठने तक की कोई व्यवस्था नहीं होने से मरीजों को मजबूरी में लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। ठंड के साथ सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे ओपीडी पर दबाव और अधिक बढ़ गया है।
इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अमित सिंह ने बताया कि उन्हें मरीजों की परेशानी की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि पर्ची काउंटर पर मरीजों को दिक्कत न हो, इसके लिए जल्द ही दिन में एक अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की जाएगी, ताकि पर्ची बनाने की प्रक्रिया तेज हो सके।
हालांकि, मरीजों और उनके तीमारदारों का कहना है कि ठंड के इस मौसम में बैठने की व्यवस्था और काउंटरों की संख्या बढ़ाना बेहद जरूरी है, ताकि बीमार लोगों को घंटों लाइन में खड़ा न रहना पड़े। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र स्थायी समाधान की मांग की है।











