होली के दिन 9 लोगों की हुई मौत, 2 को की डूबने से गई जान; मातम में बदली खुशियां……
लखनऊ, पूर्वांचल पोस्ट न्यूज नेटवर्क।
देशभर में शुक्रवार को होली का त्योहार मनाया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर हादसे हुए। जिसके चलते कई परिवारों में होली का जश्न मातम में बदल गया। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को सड़क दुर्घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई और दो लड़कों की डूबने से मौत हो गई।

मुजफ्फरनगर में एक कार के पेड़ से टकराने के बाद उसमें आग लग गई, जिससे दो लोगों की जलकर मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सर्किल ऑफिसर देवव्रत बाजपेयी ने मृतकों की पहचान 35 वर्षीय मेनपाल और 30 वर्षीय राजू के रूप में की। घायल यात्री को अस्पताल ले जाया गया।

भदोही में दो चचेरे भाइयों की मौत
भदोही में होली मनाने के बाद ससुराल से घर लौट रहे दो चचेरे भाइयों की बाइक पेड़ से टकराने से मौत हो गई। ओमप्रकाश (32) और उनके चचेरे भाई महेंद्र (26) इटहरा गांव से गोपालपुर गांव लौट रहे थे, तभी मणिपुर गांव के पास यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि पीड़ित कथित तौर पर नशे में थे और उन्होंने अपनी तेज रफ्तार बाइक पर नियंत्रण खो दिया।

सोनभद्र में ट्रक की टक्कर से दो की मौत
सोनभद्र के सुकृत पुलिस चौकी के पास होली मिलन समारोह में जा रहे दो चचेरे भाइयों की ट्रक से टक्कर हो गई, जिसमें दोनों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोहरा निवासी संदीप चौहान (20) और विक्की चौहान (21) की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे सवार को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि ट्रक जब्त कर लिया गया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।





