पत्नी ने अफेयर के चलते पति को उतारा मौत के घाट, प्रेमी के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से काटा
सोनभद्र, लखनऊ। पूर्वांचल पोस्ट न्यूज नेटवर्क।
सोनभद्र से पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. पुलिस ने यहां पति की हत्या करने वाले आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है. सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र के चौरा गांव निवासी रामसनेही खरवार ने अपने पुत्र प्रेम खरवार हत्या की लिखित सूचना पुलिस को दी थी. पुलिस ने शक के आधार पर पत्नी की गोपनीय जांच करना शुरू किया और मामले की तह तक पहुंच गई।

पुलिस ने हत्या में आरोपी मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, मोबाइल व बाइक बरामद किया है. मामले का खुलासा सोमवार को सोनभद्र एसपी डा यशवीर सिंह ने पुलिस लाइन में प्रेस कांफ्रेंस कर किया.
जंगल में मिला था शव
दरअसल, जुगैल थाना क्षेत्र के चौरा गांव में पांच दिनों से गायब बीजेपी कार्यकर्ता का शव गांव से आठ किमी दूर जंगल में मिला था. उसके शरीर पर धारदार हथियार से हमला करने के निशान थे. मामला सामने आने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया था. इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक सोनभद्र ने बताया कि मृतक प्रेम खरवार की पत्नी का दूसरे समुदाय के लड़के के साथ कई महीनों से प्रेम संबंध चल रहा था. दोनों के संबंध में मृतक प्रेम बाधा बन रहा था.




