Saturday, October 17, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

सभी तहसीलों में लगा स्पेशल पिंक तहसील दिवस, महिलाओं की समस्याएं सुनीं

सीओ एसडीएम को ज्ञापन देते हुए 

समाधान दिवस में 11 महिला शिकायतें मिलीं

 छह का मौके पर निस्तारण

मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर

पांच मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

चंदौली। जनपद की विभिन्न तहसीलों में शनिवार को जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारियों की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में महिलाओं की शिकायतों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को ध्यान में रखते हुए उनके प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई की गई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कुल 11 महिला शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से छह का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि पांच शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

प्रशासन की ओर से प्राप्त विवरण के मुताबिक, आयोजित मिशन शक्ति तहसील दिवस एवं संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई। इस दौरान पांच मिशन शक्ति तहसील दिवस आयोजित किए गए। कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें छह का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं, पांच शिकायतों को समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा गया। शिकायतों के निस्तारण से संबंधित तीन मामलों के उदाहरण स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित किए गए। कार्यक्रम के दौरान कुल 84 प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित की गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से सुनना और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना पुलिस एवं प्रशासन की प्राथमिकता है। 

उन्होंने कहा कि महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संकोच नहीं करना चाहिए। वे संबंधित अधिकारियों या पुलिस से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई के साथ महिलाओं को सुरक्षा और न्याय का भरोसा दिलाना जरूरी है। प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि महिला संबंधी शिकायतों को लंबित न रखा जाए और प्रत्येक मामले में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *