Thursday, July 16, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

तहसीलदार के नेतृत्व में हुआ कार्रवाई, चला बुलडोजर, गांव में गरजा बुलडोजर, 17 अवैध मकान जमींदोज……20 लेखपाल व 20 कांस्टेबल की उतरी फौज

तहसीलदार के नेतृत्व में हुआ कार्रवाई, चला बुलडोजर 

भूसीकृतपुरवा में गरजा बुलडोजर, 17 अवैध मकान जमींदोज

धारा-136 के आदेश पर प्रशासन का बड़ा एक्शन

 राजस्व व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से गांव में मचा हड़कंप

शहाबगंज (चंदौली)। सरकारी भूमि पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को शहाबगंज तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भूसीकृतपुरवा गांव में 17 अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। सुबह से शुरू हुई कार्रवाई शाम तक जारी रही। बुलडोजर की गर्जना के बीच पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील रहा और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।

राजस्व अभिलेखों और उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा-136 के तहत पारित आदेश के अनुपालन में प्रशासन ने यह अभियान चलाया। संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी कर सुनवाई का अवसर दिया गया था। न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासन ने अवैध कब्जों को हटाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

अभियान का नेतृत्व तहसीलदार देवेंद्र कुमार ने किया। उनके साथ नायब तहसीलदार, शहाबगंज थानाध्यक्ष के.पी. सिंह, 20 लेखपाल, 20 पुलिस कांस्टेबल तथा राजस्व विभाग की टीम पूरे समय मौके पर मौजूद रही। सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी थी कि कार्रवाई के दौरान किसी को भी बिना अनुमति प्रभावित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने दिया गया।

 

प्रशासन ने एक-एक कर सूचीबद्ध अवैध निर्माणों को चिन्हित कराया और बुलडोजर से ध्वस्त कराया। कार्रवाई के दौरान कई परिवार अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाते दिखाई दिए। पूरे अभियान की वीडियोग्राफी भी कराई गई ताकि कार्रवाई का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया कि जिले में चिन्हित अन्य सरकारी भूमि पर भी जल्द इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *