चकिया – “DM के ‘दबाव में न आने’ वाले आदेश के बाद गरजे तहसीलदार, तालाब से कब्जा हटाया,जहां मिली शिकायत, वहां पहुंची टीम; चकिया तहसीलदार का ताबड़तोड़ एक्शन…….चकिया में चला ‘मेगा ऑपरेशन
नीबी कला में तालाब कब्जामुक्त, भूसी में खुली नाली, भूस्कृत पुरवा में शुरू हुआ निर्माण कार्य, बलिया कला का पुराना विवाद भी सुलझा
चकिया (चंदौली)। जिलाधिकारी द्वारा हाल ही में राजस्व अधिकारियों को किसी भी प्रकार के दबाव में आए बिना कानून के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए जाने के बाद चकिया तहसील प्रशासन एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। तहसीलदार देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस टीम ने शनिवार को कई गांवों में अभियान चलाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया और वर्षों पुराने भूमि विवादों का मौके पर निस्तारण किया।

सबसे बड़ी कार्रवाई ग्राम सभा नीबी कला में की गई, जहां तालाब की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया। तहसीलदार पुलिस बल और राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण हटवाकर तालाब की भूमि को कब्जामुक्त कराया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया।
वहीं ग्राम सभा भूसी में नाली पर किए गए अतिक्रमण के कारण ग्रामीणों को जल निकासी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। राजस्व टीम ने पैमाइश कर अतिक्रमण हटवाया, जिससे नाली का रास्ता साफ हो गया और जलभराव की समस्या के समाधान का रास्ता खुल गया।

ग्राम भूस्कृत पुरवा में सार्वजनिक रास्ते और नाली पर हुए अतिक्रमण को हटाने के बाद प्रशासन ने तत्काल नाली निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया। अधिकारियों का कहना है कि इससे भविष्य में दोबारा कब्जे की संभावना कम होगी।
उधर बलिया कला गांव में लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद का भी मौके पर निस्तारण कराया गया। राजस्व टीम ने दोनों पक्षों को बुलाकर अभिलेखों की जांच की और आपसी सहमति तथा राजस्व नियमों के आधार पर विवाद का समाधान कराया।




