चकिया के युवा लेखक का कमाल: पूर्व छात्र प्रथम शर्मा की किताब “सक्सेसफुल ट्रेडर” का भव्य लोकार्पण……..कभी इसी स्कूल में बैठते थे छात्र बनकर, आज उसी मंच पर लेखक बनकर छा गए प्रथम शर्मा, चेयरमैन व MD ने किया सम्मानित
चकिया, चंदौली।
Silver Bells School में आयोजित प्रेरणादायी एवं गरिमामयी पुस्तक लोकार्पण समारोह में विद्यालय के गौरवशाली पूर्व छात्र प्रथम शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक “सक्सेसफुल ट्रेडर (Successful Trader)” का भव्य विमोचन किया गया। समारोह में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

विद्यालय के असेंबली ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों ने पुस्तक का लोकार्पण किया। पुस्तक के विमोचन के साथ ही पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में लेखक प्रथम शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन, निरंतर सीखने की भावना और दृढ़ संकल्प अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की एमडी सुषमा जायसवाल एवं चेयरमैन प्रभात जायसवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि विद्यालय के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि यहां का एक पूर्व छात्र अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रथम शर्मा की उपलब्धि वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ऐसे आयोजन छात्रों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और बड़े सपने देखने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक सहभागिता की और लेखक के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। पूरे समारोह का वातावरण प्रेरणा, उत्साह एवं ज्ञानवर्धक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।
अंत में उपप्रधानाचार्य द्वारा सभी अतिथियों, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रथम शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




