Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

डीएम के कड़े तेवर व अधीक्षक अभियंता के चेतावनी पत्र के बाद निर्माण में आई तेजी, जनता को जल्द राहत की आस…….SC ने छात्र शक्ति को लिखा था पत्र…खुद सड़क पर उतरे SCN, एई के साथ किया निरीक्षण, अवर अभियंताओं को चेताया…….अवर अभियंता आफिस में नहीं मौके पर रहकर कराए कार्य

चंदौली। गोधना मोड़ से लेवा चितौड़ी मोड़ तक बन रही बहुप्रतीक्षित फोरलेन सड़क परियोजना अब तेज रफ्तार पकड़ती नजर आ रही है। करीब 197 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस महत्वाकांक्षी सड़क को जून 2026 तक पूरा करने के लक्ष्य को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त मोड में आ गया है।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की हालिया समीक्षा बैठक में दिखाई गई कड़ाई का असर अब जमीनी स्तर पर साफ दिखने लगा है। निर्माण कार्य में सुस्ती पर नाराजगी जताने के बाद अब अभियंता और कर्मचारी पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। कार्यस्थल पर निगरानी बढ़ा दी गई है और रोजाना प्रगति की समीक्षा की जा रही है, जिससे काम में उल्लेखनीय तेजी आई है।

अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने अवर अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि वे रोजाना मौके पर मौजूद रहकर कार्य को गति दें। वहीं, वाराणसी वृत्त के अधीक्षण अभियंता प्रवीण कुमार ने भी कार्यदायी संस्था सीएस इंफ्रा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को संसाधन बढ़ाकर काम तेज करने के सख्त निर्देश दिए हैं। कंपनी ने भी अतिरिक्त संसाधन झोंक दिए हैं, जिससे निर्माण की रफ्तार में सुधार देखा जा रहा है।

करीब दो वर्षों से जारी निर्माण कार्य के चलते स्थानीय लोगों को धूल, गड्ढों और जाम जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। अब प्रशासन की सक्रियता से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि इसी गति से कार्य जारी रहा, तो आने वाले महीनों में यह फोरलेन सड़क न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा देगी।

इस दौरान सहायक अभियंता भूपेंद्र सिंह, अवर अभियंता हर्ष सिंह, अवर अभियंता सुजीत विश्वकर्मा मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *