इलिया कानून के डंडे से अपराधियों में हड़कंप…….थानाध्यक्ष की सख्ती से माफियाओं की टूटी कमर, 100 से अधिक गोवंश व 14 गायों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया।शराब तस्करी के 17 मामलों में प्रभावी कार्रवाई । 20 तस्करों को जेल की हवा
इलिया थाना क्षेत्र में कानून – व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में थानाध्यक्ष अरुण सिंह की सख्त, सक्रिय और बेखौफ कार्यशैली अब एक मजबूत पहचान बन चुकी है। पशु तस्कर हों, शराब माफिया, खनन माफिया, नशेड़ी या मनचले हर किस्म के अपराधियों पर इलिया पुलिस ने ऐसी प्रभावी नकेल कसी है कि थानाध्यक्ष का नाम सुनते ही अपराधियों में खौफ का माहौल बन जाता है। वहीं आम नागरिक पहले से कहीं अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
क्षेत्र में घटने वाली छोटी-बड़ी घटनाओं पर इलिया पुलिस बिना देरी किए तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर रही है। पुलिस की सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता का ही परिणाम है कि विवाद बढ़ने से पहले ही शांत हो जा रहे हैं। नियमित गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग व मजबूत मुखबिर तंत्र के चलते अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है।
24 घंटे में हत्या का खुलासा, आरोपी सलाखों के पीछे
हाल के दिनों में थाना क्षेत्र के हाटा गांव में भूमि विवाद के दौरान गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया था। लेकिन थानाध्यक्ष अरुण सिंह के नेतृत्व में इलिया पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचनाओं व लगातार दबिश से महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस तेज़ कार्रवाई से पुलिस की कार्यकुशलता व सजगता की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
डर का माहौल खत्म, पुलिस की सराहना
घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में फैला भय और आक्रोश शांत हो गया। ग्रामीणों सहित जनप्रतिनिधियों का कहना है कि पहले जहां अपराधी खुलेआम दबंगई दिखाते थे, वहीं अब इलिया पुलिस की सख्ती के चलते ऐसे तत्व या तो क्षेत्र छोड़ चुके हैं या अपराध करने से पहले सौ बार सोचने को मजबूर हैं।
आंकड़ों में इलिया पुलिस की सख्ती
100 से अधिक गोवंश व 14 गायों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया।शराब तस्करी के 17 मामलों में प्रभावी कार्रवाई । 20 तस्करों को जेल की हवा । मात्र 20 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद चोरी के मामलों में 5 अभियुक्त जेल भेजे गए ।अंतरजनपदीय 11 चोरी मामलों में 10 का सफल खुलासा ।पुलिस मुठभेड़ में भी तस्कर को दबोचा गया
अपराध मुक्त इलिया का संकल्प
थानाध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी कीमत पर अवैध शराब, पशु तस्करी, खनन और नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। महिलाओं और आम जन की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।