चकिया–चंदौली मार्ग पर केराडीह गांव के सामने शनिवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार बड़गांवा गांव निवासी रमेश 32 वर्ष शनिवार की शाम चकिया–चंदौली मार्ग से होते हुए पचवनिया गांव की ओर जा रहा था। जैसे ही वह केराडीह गांव के सामने पहुंचा, उसी दौरान तेज रफ्तार किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रमेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रमेश को मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि रमेश मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और घर का मुख्य सहारा था पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय चंदौली भेज दिया।
थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना के संबंध में अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।