चंदौली – हुआ मुठभेड़ रेलवे लाइन के पास: वायरल वीडियो वाले हत्या के आरोपी को पुलिस ने दबोचा, पैर में लगी गोली…..फायरिंग में कांस्टेबल हुआ घायल, तमंचा-कारतूस बरामद,,23 नवंबर को हुआ था घटना
चंदौली। थाना सैयदराजा और चंदौली पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ में वायरल वीडियो में दिखे हत्या के वांछित आरोपी सवरू उर्फ रितेश उर्फ बीन को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की फायरिंग में कांस्टेबल विष्णु दत्त प्रजापति घायल हो गए, जबकि जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और वह गिर पड़ा।
एडीजी वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया, डीआईजी वैभव कृष्ण और एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन पर यह कार्रवाई की गई। अपर एसपी सदर अनंत चंद्रशेखर (IPS) व सीओ सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सैयदराजा विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय की टीम ने गिरफ्तारी को अंजाम दिया।
ऐसे हुई मुठभेड़
रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हत्या का मुख्य आरोपी रेलवे लाइन के पास घूम रहा है। पुलिस टीम रेलवे खंभा नंबर 100/20 और 100/18 के बीच पहुंची, जहां घिराव की आहट पाकर आरोपी ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली कांस्टेबल विष्णु दत्त प्रजापति के दाहिने हाथ को छूती हुई निकल गई।
पुलिस ने पीछा जारी रखा और सैयदराजा रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज के पास जवाबी फायर किया, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को सीएचसी बरहनी से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि कांस्टेबल विष्णु दत्त प्रजापति का इलाज सीएचसी बरहनी में चल रहा है।
पूर्व घटना
23 नवंबर 2025 की रात बाइक साइड देने को लेकर विवाद में आरोपी और उसके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर युवक की हत्या की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस टीमों को तलाश में लगाया गया था।