चकिया (चंदौली)। नवरात्रि के पावन अवसर पर इस बार चकिया की धरती पर रंगों, रोशनी और संगीत से सजा गरबा-डांडिया महोत्सव 2025 आयोजित होने जा रहा है। 28 सितम्बर को चकिया पैलेस में होने वाले इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह चरम पर है। शुक्रवार को आयोजन समिति की बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
आयोजन टीम की ओर से बताया गया कि सभासद ज्योति गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेत्री आरती जायसवाल, सोनाली जायसवाल व श्वेता गुप्ता की अगुवाई में विशेष तैयारियां चल रही हैं। महोत्सव में सजावट, रोशनी और पारंपरिक संगीत के बीच डांडिया व गरबा की मनमोहक झलकियां देखने को मिलेंगी। ढोल-नगाड़ों की गूंज और रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागी चकिया की शाम को संस्कृति और परंपरा की नई पहचान देंगे।
आयोजकों ने बताया कि यह महोत्सव सिर्फ नृत्य और मनोरंजन तक सीमित नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सामूहिक उत्सव का प्रतीक है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पास लेकर अपने परिवार व मित्रों संग शामिल हों और इस अनूठी शाम को यादगार बनाएं।
महोत्सव के दौरान पार्क परिसर में बच्चों और बड़ों के लिए मनोरंजन व खान-पान की विशेष स्टालें भी लगाई जाएंगी। आयोजन समिति के सदस्य क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोग इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का हिस्सा बन सकें। बैठक में अनुराग जायसवाल, शुभम मोदनवाल, मनोज चौरसिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे