यूपी उपचुनाव से पहले बीजेपी के लिए खुशखबरी, इस चुनाव में 6 सीटों पर दर्ज की जीत, बधाईयों का लगा तांता, बीजेपी ने विपक्ष को क्लीन बोल्ड कर दिया
लखनऊ, पूर्वांचल पोस्ट न्यूज नेटवर्क
यूपी उपचुनाव को लेकर नामांकन शुरू हो गया है. इस बीच गन्ना समितियों के चुनाव में बीजेपी ने विपक्ष को क्लीन बोल्ड कर दिया है. गन्ना समितियों के चुनाव से सपा ही नहीं आरएलडी ने भी दूरी बनाए रखी. किसी और दल ने हिम्मत नहीं जुटाई और मेरठ में सभी सीटों पर भगवा परचम लहरा गया. उपचुनाव से पहले बीजेपी ने गन्ना समितियों के चुनाव जीतकर बड़ा संदेश देने का काम किया है।

मेरठ में छह गन्ना समिति हैं. इन सभी गन्ना समितियों में चेयरमैन निर्विरोध चुने गए. न तो विपक्ष ने टक्कर लेने की सोची और न इस चुनाव को लेकर विपक्ष गंभीर नजर आया. मेरठ में मवाना, सकौती, मेरठ, मलियाना, दौराला और मोहिउद्दीनपुर गन्ना समितियां हैं और इन सभी समितियों में बीजेपी का परचम लहरा गया है. बीजेपी ने ऐसी घेराबंदी की और ऐसी रणनीति बनाई कि सभी गन्ना समितियों में चेयरमैन निर्विरोध चुनाव जीत गए. उनके सामने कोई टिकने वाला भी नहीं मिला।

बीजेपी ने सभी सीटों पर किया कब्जा
बीजेपी के नेताओं ने मेरठ की छह गन्ना समितियों के चुनाव जीतने को लेकर पूरी ताकत झोंक रखी थी. सभी की नजर चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पर थी. इसके लिए रणनीति के तहत काम किया गया. ज्यादा से ज्यादा डेलिगेट्स कैसे चुनाव जीतें इस पर पूरा फोकस रहा. मवाना गन्ना समिति से विनोद भाटी चेयरमैन बने और ऋषिपाल वाइस चेयरमैन. विनोद भाटी राज्यमंत्री दिनेश खटीक के खासमखास हैं. मोहिउद्दीनपुर गन्ना समिति से दीपक राणा चेयरमैन बने और दीपांशु वाइस चेयरमैन. दीपक राणा ऊर्जा राज्यमंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर के बेहद खास हैं।




