मायावती का योगी सरकार पर बड़ा हमला, पेपर लीक मामले पर किया सवाल- यूपी आखिर कब…
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा के रद होने के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे काफी गंभीर और चिन्तनीय विषय बताया। मायावती ने कहा पेपर लीक होने से राज्य की बदनामी होती है, साथ ही युवाओं व बेरोजगारों के भविष्य छेड़छाड़ किया जा रहा है। बसपा सुप्रीमो ने यूपी सरकार से सवाल भी किया है।

बसपा सुप्रीमो का योगी सरकार पर हमला
मायावती ने एक्स पर पोस्ट कर कहा- ‘यूपी में पुलिस भर्ती परीक्षा के पेपर लीक होने से सम्बन्धित परीक्षा का रद्द होना अति-गंभीर एवं चिन्तनीय। इससे राज्य व सरकार की बड़ी बदनामी के साथ ही युवाओं व बेरोजगारों का भविष्य खराब होकर उनका जीवन दाव पर लग जाता है।
बसपा मुखिया मायावती ने योगी सरकार से सवाल किया- ‘यूपी आखिर कब पेपर लीक मुक्त प्रदेश होगा? सरकार इस ओर ध्यान दे।’
अखिलेश ने सरकार पर लगाया लापरवाही का आरोप
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पुलिस भर्ती परीक्षा रद किए जाने के मामले पर प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा किया। अखिलेश ने साफ तौर पर कहा कि सरकार की नीयत ही युवाओं को नौकरी देने की नहीं थी। सरकार की लापरवाही से पेपर लीक हुआ है।


