इस जिले 60 घंटे बाद गिरफ्त में आया तेंदुआ, चार घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन; तीन दिन भय के साए में रहे लोग
आजमगढ़, लखनऊ पूर्वांचल पोस्ट न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़ जिले के तहरबपुर के नैपुरा गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के जल निकासी पाइप में तीन दिनों छिपकर बैठे तेंदुए को आखिरकार गिरफ्त में ले ही लिया गया। वन विभाग व पुलिस कर्मियों ने चार घंटे की कड़ी मेहनत के बाद पाइपलाइन में ड्रम को डाल कर प्रेशर से तेंदुआ को धकेल कर पिंजरे में कैद करने में सफलता हासिल किया।
मंगलवार सुबह से ही रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा था लेकिन मुख्य अभियान शाम तीन बजे शुरू हुआ जो सात बजे तेंदुआ के पिजड़े में कैद होने के साथ पूर्ण हुआ। तेंदुए के पकड़े जाने तक लोग भय के साए में रहे।
यह है पूरा मामला
जिले में तेंदुए का आतंक विगत एक पखवारे से देखने को मिल रहा था। अहरौला में भी इसकी घेराबंदी हुई थी लेकिन वन विभाग की लापरवाही के चलते जाल काटकर तेंदुआ फरार हो गया था। इसके बाद रविवार को यूपीडा की भ्रमण करने वाली टीम ने तहबरपुर के नैपुरा के पास तेंदुए को देखा और फोटो खींच लिया। इसके साथ ही सूचना वन विभाग को दी गई।




