जबरदस्त धमाका, अब तक 6 लोगों की मौत; 59 से ज्यादा झुलसे….जान बचाने के लिए भागते नजर आए लोग, सीएम ने ली जानकारी , कैबिनेट मंत्री, ACS व डीजी को हेलीकॉप्टर से मौके पर जाने का दिया निर्देश
मध्य प्रदेश, पूर्वांचल पोस्ट न्यूज नेटवर्क
हरदा जिला में सुबह बारूद के धमाके से दहल गया। यहां की एक पटाखा फैक्ट्ररी में अचानक हुए विस्फोट से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग के शोले और धुएं के गुबार से लोगों में दहशत भर गई। हादसे की वजह से कई लोगों की जान जाने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस फैक्ट्री में 500 से 700 लोग काम करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया है।

जेपी अस्पताल में वार्ड किया गया तैयार
भोपाल के जेपी अस्पताल में 6 पलंग का वार्ड तैयार किया गया। डॉक्टर भी इलाज करने के लिए पहुंचे हैं। घटनास्थल पर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
घायलों का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज’
हरदा कलेक्टर ऋषि गर्ग ने इस घटना को लेकर कहा, “आज सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ। बचाव अभियान जारी है। छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 59 अन्य घायल हैं। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और गंभीर रूप से घायल मरीजों को भोपाल और इंदौर शिफ्ट किया जा रहा है।”



