Tuesday, September 29, 2026
उत्तर-प्रदेश

गैस सिलिंडर फटने से मकान ढहा, चार की मौत; सात लोग सुरक्षित मलबे से निकाले गए

फतेहपुर/

मलवां थाना क्षेत्र के कस्बे में सोमवार शाम फल कारोबारी के घर में तेज धमाका हो गया। धमाके से मकान की ऊपरी दो मंजिलों की छत ढह गई। मलबे में दबने और झुलसने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद गृहस्वामी सुरेश उर्फ धुन्नर गुप्ता की सदमे से हालत बिगड़ गई। मौके पर चार गैस सिलिंडर मिले, जिनमें दो के फटने की बात सामने आई है।

कस्बा निवासी सुरेश उर्फ धुन्नर गुप्ता की चौराहे पर फल की दुकान है। सोमवार शाम वह दुकान पर थे। घर में उनकी पत्नी उमा देवी, बेटी लक्ष्मी और छोटे भाई स्वर्गीय रोहित की पत्नी पूजा खाना बना रही थीं। उमा देवी के मुताबिक, अचानक गैस पाइप में लीकेज होने से आग लग गई और घर में धुआं भरने लगा। सभी लोग बाहर निकल आए। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे।

इसी दौरान दूसरी मंजिल पर मौजूद सुरेश के बेटे कुणाल (18) और भतीजे आलोक गुप्ता (25) नीचे आग बुझाने पहुंचे। तभी तेज धमाका हुआ और ऊपरी मंजिल की छत भरभराकर नीचे आ गिरी। मलबे में रोहित के पुत्र अर्पित (15), वेद (8) और परिवार के गुड्डन के पुत्र यश उर्फ टुकटुक (6) दब गए। तीनों की मौके पर मौत हो गई। वहीं कुणाल और आलोक गंभीर रूप से झुलस गए। मलबा आंगन और घर के हिस्से में भर जाने से दोनों फंस गए।

रेस्क्यू कर उन्हें बाहर निकाला गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने कुणाल को मृत घोषित कर दिया। हादसे में रोहित की पत्नी पूजा (38) भी मलबे की चपेट में आ गईं। उन्हें और सुरेश को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। आलोक की हालत नाजुक बनी है। सूचना पर डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा गैस सिलिंडर फटने से हुआ है। फॉरेंसिक और दमकल टीम जांच कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *