सांसद की आवाज और डीएम की पहल रंग लाई, जंगल के गांव अब होंगे ऑनलाइन मोबाइल नेटवर्क से जुड़ेगा वनांचल, चकिया-नौगढ़ के 4 गांवों में लगेगा बीएसएनएल टावर…..मिला सौगात
दूर होगा नेटवर्क का अंधेरा, चंदौली के 4 दुर्गम गांवों में पहुंचेगा हाई-स्पीड इंटरनेट
वनांचल के 4 गांवों में बजेगी मोबाइल की घंटी
छितमपुर, चिकनी, देवरी कला और ताला में बीएसएनएल टावर को मिली मंजूरी, 13 अन्य गांव भी सूची में
चंदौली। वर्षों से मोबाइल नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे चकिया और नौगढ़ के वनांचल क्षेत्रों के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की लगातार पैरवी और सांसद छोटेलाल खरवार की सक्रिय पहल रंग लाई है। दूरसंचार विभाग (डीओटी) ने चकिया व नौगढ़ विकास खंड के छितमपुर, चिकनी, देवरी कला और ताला गांव में बीएसएनएल के बेस ट्रांसीवर स्टेशन (बीटीएस) स्थापित करने की औपचारिक मंजूरी दे दी है। इससे इन दुर्गम गांवों के हजारों ग्रामीण पहली बार बेहतर मोबाइल नेटवर्क और तेज इंटरनेट सुविधा से जुड़ सकेंगे।
इन गांवों में लंबे समय से मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण लोगों को पढ़ाई, ऑनलाइन सेवाओं, बैंकिंग, यूपीआई भुगतान और आपातकालीन परिस्थितियों में संपर्क करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब बीएसएनएल टावर लगने के बाद संचार व्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीण डिजिटल सेवाओं का आसानी से लाभ उठा सकेंगे।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार चकिया और नौगढ़ के 13 अन्य नेटवर्क विहीन गांवों में भी बीटीएस स्थापना का प्रस्ताव दूरसंचार विभाग को भेजा जा चुका है। विभागीय स्वीकृति मिलते ही वहां भी टावर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
सदन से मंत्रालय तक उठाया मुद्दा : सांसद
सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को उन्होंने गंभीरता से लिया था। इस मुद्दे को संसद में प्रमुखता से उठाने के साथ ही दूरसंचार मंत्री को पत्र लिखकर शीघ्र समाधान की मांग की थी। उन्होंने कहा, “दूरस्थ गांवों के लोगों को डिजिटल सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। चार गांवों में टावर की स्वीकृति मिलना शुरुआत है। शेष गांवों में भी जल्द नेटवर्क मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि वनांचल का कोई भी गांव संचार सुविधा से अछूता न रहे।”
जन-जन तक पहुंचेगी डिजिटल सुविधा : डीएम
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि जनपद के हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण दूरसंचार सेवाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। वनांचल और सीमावर्ती क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए दूरसंचार विभाग के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी दिनों में शेष नेटवर्क विहीन गांवों को भी मोबाइल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में तेजी से कार्य होगा।