Wednesday, June 24, 2026
Uncategorized

चकिया – तहसीलदार की पहल लाई रंग, अवैध कब्जे से मुक्त हुआ रास्ता……..ताबड़तोड़ कार्रवाई से खुला वर्षों पुराना विवाद, प्रधान ने भी बढ़ाया हाथ, शुरू कराया निर्माण कार्य

चकिया, चंदौली। वर्षों से अवैध कब्जे और विवाद की वजह से बंद पड़ा उतरौत गांव का सार्वजनिक रास्ता आखिरकार तहसीलदार देवेंद्र की सक्रिय पहल और सख्त कार्रवाई के बाद मुक्त हो गया। प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई से जहां ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली, वहीं रास्ता खुलते ही ग्राम प्रधान ने भी तत्परता दिखाते हुए वहां विकास कार्य शुरू करा दिया। इससे गांव में खुशी का माहौल है।

ग्रामीणों के अनुसार सार्वजनिक मार्ग पर अवैध कब्जे के कारण लोगों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। मामला तहसीलदार के संज्ञान में पहुंचने के बाद राजस्व टीम द्वारा पैमाइश कराई गई और जांच में सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई।

इसके बाद तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कब्जा हटवाया और रास्ते को आमजन के लिए खोल दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से वर्षों पुराना विवाद समाप्त हो गया।

रास्ता खुलने के बाद ग्राम प्रधान ने भी तेजी दिखाते हुए मौके पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। रास्ते को सुगम और उपयोगी बनाने के लिए साफ-सफाई और समतलीकरण का कार्य कराया गया, जिससे ग्रामीणों को तत्काल लाभ मिलने लगा है।

ग्रामीणों ने कहा कि अब किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी। लोगों ने तहसीलदार की कार्यशैली और ग्राम प्रधान की पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और ग्राम पंचायत के समन्वय से न केवल रास्ता अतिक्रमण मुक्त हुआ, बल्कि विकास कार्य शुरू होने से क्षेत्र की तस्वीर भी बदलने लगी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *