Saturday, June 13, 2026
Uncategorized

चकिया/नौगढ़ – जब अचानक चमका और गिरा,एक शाम, तीन मौतें: आसमानी कहर ने उजाड़ दिए तीन परिवार, मातम…..SDM , तहसीलदार देवेंद्र मौके पर पहुंचे, दिलाया भरोसा, कहा हम है आपके साथ….चीखों से गूंज उठे गांव,.

आकाशीय बिजली का कहर: चकिया-नौगढ़ में तीन की मौत, गांवों में पसरा मातम

चंदौली। जिले के चकिया और नौगढ़ क्षेत्र में शनिवार शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। अलग-अलग गांवों में महिला, किशोरी और वृद्धा की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

धनावल कलां में महिला और किशोरी की मौत

चकिया तहसील क्षेत्र के धनावल कलां गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 35 वर्षीय रूबी की मौत हो गई। घटना के समय वह घर के बाहर मौजूद थीं। बिजली की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही जान चली गई। रूबी अपने पीछे तीन पुत्रों और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इसी गांव में 12 वर्षीय लक्ष्मी नामक किशोरी भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। गंभीर झुलसने से उसकी भी मौत हो गई। मासूम की असमय मौत से गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों के अनुसार कुछ ही मिनटों में दो मौतों ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया।

बजरडीहां में वृद्धा पर गिरी बिजली

उधर नौगढ़ तहसील क्षेत्र के बजरडीहां गांव में 65 वर्षीय शकुंतला देवी अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। परिजन उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मौके पर पहुंचे एसडीएम व तहसीलदार

घटना की सूचना मिलते ही नौगढ़ के एसडीएम विकास मित्तल बरवाडीह पहुंच गए। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और राजस्व टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम ने लेखपाल को तत्काल रिपोर्ट तैयार कर शासन से मिलने वाली सहायता राशि की प्रक्रिया शुरू कराने को कहा।

वहीं तहसीलदार चकिया देवेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों को राहत और सहायता से संबंधित सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

एक शाम में उजड़ गए तीन परिवार

आकाशीय बिजली की इन घटनाओं ने एक ही शाम में तीन परिवारों को गहरे दुख में डुबो दिया। गांवों में शोक का माहौल है और लोग मृतकों के परिजनों को सांत्वना देने में जुटे हैं। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

Related posts:

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *