चंदौली – चार नगर निकायों में सिर्फ चकिया को मिला 2.07 करोड़ का तोहफा, 1 करोड़ हुआ अवमुक्त………55 नगरीय निकायों के लिए 79.96 करोड़ की स्वीकृति, 37.10 करोड़ की पहली किश्त जारी…… 24 स्थानों पर आरसीसी नाला व ह्यूम पाइप से होगा जल निकासी कार्य
🔹 बरसात में जलभराव से मिलेगी नगरवासियों को बड़ी राहत
चंदौली।
प्रदेश सरकार ने बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य सेक्टर की सीवरेज एवं जल निकासी योजना के अंतर्गत प्रदेश के 55 नगरीय निकायों में जल निकासी कार्यों के लिए कुल 7996.34 लाख रुपये (79.96 करोड़ रुपये) की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 3710.00 लाख रुपये (रूपये सैंतीस करोड़ दस लाख मात्र) की धनराशि भी अवमुक्त कर दी गई है।
इसी क्रम में जनपद चंदौली के चार नगर निकायों में से केवल नगर पंचायत चकिया को जल निकासी कार्यों के लिए 2 करोड़ 7 लाख 21 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है। इनमें से प्रथम किश्त के रूप में 1 करोड़ रुपये की धनराशि चकिया के लिए अवमुक्त कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर में जल निकासी से जुड़े कार्य युद्धस्तर पर शुरू किए जाने की तैयारी है।
चकिया में 24 कार्यों को मिली मंजूरी
शासन से प्राप्त धनराशि से चकिया नगर पंचायत के इंदिरा नगर, अंबेडकर नगर, शमशेर नगर, कबीर नगर, मां काली नगर, सिविल लाइन पश्चिमी और विभूति नगर सहित विभिन्न वार्डों में 24 अलग-अलग जल निकासी कार्य कराए जाएंगे। इनमें आरसीसी नाला निर्माण, ह्यूम पाइप बिछाने, पुराने नालों के विस्तार और नए जल निकासी मार्गों का निर्माण शामिल है। इससे वर्षों से जलभराव की समस्या झेल रहे मोहल्लों को बड़ी राहत मिलेगी।
बरसात में नहीं झेलनी पड़ेगी परेशानी
नगर में हर वर्ष बरसात के दौरान कई इलाकों में जलभराव हो जाता था, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होता था। सड़कों पर पानी भरने से स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचना मुश्किल हो जाता था। अब शासन की इस योजना से जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और नगरवासियों को बरसात के मौसम में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं नगर पंचायत के चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि
चकिया नगर की जल निकासी की समस्या प्रमुख समस्याओं में से एक है। जिस पर नगर पंचायत लगातार काम कर रही है। अब इस नई मंजूरी से कार्यों को मजबूती मिलेगी। 2.07 करोड़ की स्वीकृति और 1 करोड़ की पहली किश्त की अवमुक्ति बड़ी उपलब्धि है। यह राशि जलभराव से निजात दिलाने में निर्णायक साबित होगी। विधायक कैलाश आचार्य जी के सहयोग से हम इसे युद्धस्तर पर पूरा करेंगे। प्रदेश सरकार के इस कदम से चकिया में विकास की नई उम्मीद जगेगी।