महिला की राड से सिर कूंचकर निर्मम हत्या, सीसी टीवी में कैद हुआ संदिग्ध
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक, दिए आवश्यक दिशा निर्देश
चंदौली। मुगलसराय के कालीमहाल में देशी शराब की दुकान के सामने करकटनुमा मकान में रह रही 55 वर्षीय महिला हीरावती की शुक्रवार की भोर में रॉड से सिर कूंचकर निर्मम हत्या कर दी गई। मौके पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया । मृतका के पुत्र ने घर में रखे गहने और रुपए गायब होने का आरोप लगाया है। वहीं एक संदिग्ध सीसी टीवी कैमरे में कैद हुआ है। घटना की सूचना लगते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक आदित्य लाग्हे ने पहुंचकर जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के कालीमहाल में देशी शराब के ठेके के सामने 55 वर्षीय हीरावती एक करकटनुमा मकान में रहती थी। वह ठेके के सामने ही चखना बेचती थी। पुत्र गोबिंद ई रिक्शा चलाता है और पास में ही अपना मकान बनकर रहता है। हर रोज गोविंद अपना रात में अपना ई रिक्शा यही खड़ा कर, मां से मिलकर अपने घर चला जाता था। शुक्रवार की सुबह लगभग छह बजे उसे किसी ने मां हीरावती की मौत की खबर दी। मौके पर पहुंचे गोबिंद ने बताया कि मां के सिर से खून बह रहा था और पास में एक रॉड रखी थी ।





