चरित्र पर शक: बच्चों के सामने पत्नी की हत्या की, बेटी को भी मारा चाकू
नई दिल्ली पूर्वांचल पोस्ट न्यूज नेटवर्क
उत्तर-पूर्वी जाफराबाद इलाके में एक व्यक्ति ने चरित्र पर शक होने की वजह से अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के समय उसकी 11 और सात साल की बेटियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपी ने बड़ी बेटी को भी चाकू मार दिया। शोर-शराबा होने पर पड़ोसी वहां पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला व उसकी बेटी को जीटीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया। मृतका की शिनाख्त निशा (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी साजिद को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद हुआ है। आरोपी ने खुलासा किया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी के किसी और के साथ संबंध हैं। वहीं निशा के परिजनों ने भी साजिद पर विवाहेत्तर संबंधों का आरोप लगाया है।






