चकिया में तैनात शिक्षिका की जयपुर केअंतर्राष्ट्रीय मंच पर चमकी प्रतिभा…….रीता पाण्डेय को ‘ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड-2026’ बधाईयों का लगा तांता
चकिया/चंदौली। जनपद की प्रतिभाशाली शिक्षिका एवं समाजसेवी रीता पाण्डेय ने एक बार फिर जिले का मान बढ़ाया है। उन्हें जयपुर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय मैत्री सम्मेलन एवं ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड-2026 में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा, समाजसेवा और हिंदी-अंग्रेजी लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
रविवार 5 अप्रैल 2026 को जयपुर स्थित सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी के कालिंदी ऑडिटोरियम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में 15 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान देश-विदेश की करीब 200 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भव्या फाउंडेशन द्वारा किया गया, जिसमें निशक्तजन, कैंसर पीड़ित, ऑटिज्म वॉरियर्स और बाल बसेरा गृह के बच्चों को भी सम्मानित किया गया। इन बच्चों ने गायन, वादन और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भव्या फाउंडेशन के संस्थापक शैलेन्द्र माथुर और निदेशक डॉ. निशा माथुर के संयोजन में हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में जयपुर के प्रख्यात समाजसेवी एवं उद्यमी अशोक माहेश्वरी तथा एडवोकेट राजीव कुमार रंजन (नई दिल्ली) ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। वहीं, मेयर जयपुर हेरिटेज कुसुम यादव सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया।






