चकिया में महिला शक्ति का होगा भव्य सम्मान, डॉक्टर से लेकर दरोगा और समाजसेविका तक 5 नारी शक्तियां होंगी ‘नारी प्रेरणा सम्मान 2026’ से विभूषित
चकिया, चंदौली।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर चकिया में रविवार को महिला शक्ति का भव्य सम्मान समारोह आयोजित होगा। सामाजिक संस्था पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन (पीपीएफ) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सा, पुलिस और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच महिलाओं को “नारी प्रेरणा सम्मान 2026” से सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान समारोह का आयोजन चकिया नगर के गांधी पार्क में सुबह 10 बजे से होगा, जिसका शुभारंभ विधायक कैलाश आचार्य करेंगे।

कार्यक्रम में जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया की चिकित्सक डॉ. उजाला और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुधा सिंह को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही चकिया कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक खुशबू यादव, समाजसेविका अनीता शर्मा तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर नेवाजगंज की सीएचओ मीनाक्षी शर्मा को भी “नारी प्रेरणा सम्मान 2026” से विभूषित किया जाएगा।

संस्था के संस्थापक निदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में समर्पण और उत्कृष्ट कार्य के लिए दोनों महिला चिकित्सकों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं ने अपने सेवा भाव, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति समर्पण से क्षेत्र में प्रेरणा का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने बताया कि पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन पिछले लगभग दस वर्षों से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित करता आ रहा है। संस्था का उद्देश्य महिलाओं के योगदान को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।





