खाना बना रही युवती को लगी भाई के तमंचे से चली गोली, पीठ में लगने से हुई घायल, बताया हादसा
अलीगढ़।
खैर कोतवाली क्षेत्र के गांव गौमत में 19 जुलाई सुबह सात बजे खाना बना रही युवती पूजा की पीठ में गोली लग गई। उन्हें उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। शुरू में पुलिस को उसके भाई गौरव द्वारा तमंचे से गोली मारने की सूचना मिली थी, लेकिन युवती ने पुलिस को दिए बयान में घटना को एक हादसा बताया है।
पूजा की शादी छह साल पहले थाना लोधा क्षेत्रके गांव नहरोला में यतेंद्र कुमार के साथ हुई थी। कुछ समय बाद वह पति से अनबन के बाद अपने मायके गौमत में आ गई थी। दो साल पहले दोनों के बीच तलाक हो गया था। उनके पिता श्यामलाल गत 30 जून को डाक विभाग से सेवानिवृत हुए हैं। गौरव शर्मा बेरोजगार है। घटना के समय श्यामलाल और उनकी पत्नी राजकुमारी पशुओं के लिए चारा लेेने गए हुए थे।
सीओ वरुण कुमार सिंह ने बताया कि शुरू में पुलिस को सूचना मिली थी कि पूजा को उसके भाई ने गोली मार दी। उसका पैसों को लेकर पिता से विवाद चल रहा था, जिसके चलते घटना हुई है। लेकिन युवती ने इससे इन्कार किया है और घटना को एक हादसा बताया है। इंस्पेक्टर खैर दुष्यंत तिवारी का कहना है कि घायल पूजा ने बयान दिया है कि उसका भाई किसी से फोन पर बात कर रहा था, इस दौरान वह उत्तेजित हो गया, उसने अपने हाथ में तमंचा लिया हुआ था, जिससे गोली चल गई, जो उसे लग गई।




