पत्नी को साथ नहीं भेजा तो नाराज जीजा ने काटा साले का गला, चार घंटे लहूलुहान खेत में पड़ा रहा
लखनऊ, पूर्वांचल पोस्ट न्यूज नेटवर्क
बिजनौर कोतवाली के गांव सालमाबाद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां पत्नी को साथ नहीं भेजने से नाराज जीजा ने साले को जान से मारने का प्रयास किया। आरोपी जीजा ने बालक के गले पर ब्लेड से वार किया। गंभीर हालत में बालक को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

शहर कोतवाली के गांव सलमाबाद निवासी अमित चंद के सात वर्षीय बेटे अभय को हीमपुर दीपा के गांव रोहनिया निवासी उसका जीजा मोहित पुत्र राजेश अपने साथ जंगल ले गया। यहां खेत में आरोपी मोहित ने किशोर के साथ मारपीट की और जान से मारने की नियत से गले पर ब्लेड से वार कर दिया। घायलावस्था में बालक को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मेरे ससुराल वाले मेरी पत्नी आशु को मेरे साथ नहीं भेज रहे थे और ताने मारते थे। इससे परेशान होकर इस घटना को अंजाम दिया। वहीं चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए बालक को मेरठ रेफर कर दिया।




