एक शादी ऐसी भी… तिहाड़ जेल से आएगा दूल्हा, ऑटोमेटिक हथियार के साथ सूट-बूट में होंगे पुलिसवाले
नई दिल्ली। गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी अपनी गर्लफ्रेंड अनुराधा के साथ 12 मार्च को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। इसके लिए दिल्ली के द्वारका सेक्टर-3 में संतोष गार्डन नामक बैंक्वेट हाल में तैयारियां जोरों पर हैं। इस बैंक्वेट को गैंगस्टर संदीप के वकील ने 51 हजार रुपये में बुक किया है।

250 कमांडों हथियार के साथ रहेंगे तैनात
खास बात है कि शादी में हाईटेक हथियार रखने वाले SWAT (स्पेशल वेपन्स एंड टेक्निक्स) कमांडो के साथ 250 पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। इस दौरान स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच और हरियाणा की सीआईए (अपराध जांच एजेंसी) की टीमें मौजूद रहेंगी। संदीप के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए किसी भी घटना को रोकने के लिए खास प्लान तैयार किया गया है
जेल से विवाह स्थल तक पुलिस का पहरा
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हम इस बार कोई मौका नहीं लेना चाहते। इसलिए, तिहाड़ से लेकर द्वारका में विवाह स्थल तक पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संतोष गार्डन तिहाड़ जेल से करीब सात किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। कोर्ट के आदेश के मुताबिक, संदीप को अपनी शादी के लिए सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक की इजाजत मिली है।



