नेता का भतीजा और उद्योगपति बता महिला डॉक्टर से जालसाजी- शादी डॉट कॉम पर हुई थी दोस्ती
गोरखपुर। चंडीगढ़ की मूल निवासी और गोरखपुर के कैंपियरगंज स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात महिला डॉक्टर से शादी का झांसा देकर जालसाजी करने के आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कानपुर निवासी अनुभव तिवारी ने खुद को कांग्रेस के बड़े नेता प्रमोद तिवारी का भतीजा बताया था और फिर यह भी बताया कि वह कान्हा टेक्सटाइल कंपनी का मालिक और फैशन डिजाइनर है।
जीवनसाथी डॉट कॉम से दोस्ती के बाद उसने खुद के फर्जी अपहरण और फिर खुदकुशी किए जाने की चेतावनी देकर बहन के खाते में 19 लाख रुपये मंगाकर जालसाजी की। उसने डॉक्टर के आधार कार्ड पर भी 25 हजार रुपये का ऋण ले लिया है।
पकड़ा गया आरोपी अनुभव तिवारी कानपुर नगर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के 103 मकड़ी खेड़ा का निवासी है। जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ के हल्लोमाजरा की रहने वाली महिला डॉक्टर सरकारी अस्पताल कैंपियरगंज में तैनात हैं। पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि अनुभव से जीवनसाथी डॉट कॉम के जरिए पहली बार 26 अक्तूबर 2023 को मोबाइल से बातचीत हुई।
वह अपने आप को कान्हा टेक्सटाइल, जनकल्याण सेवा संस्थान का मालिक और फैशन डिजाइनर बताता था। प्रतापगढ़ निवासी कांग्रेस के बड़े नेता प्रमोद तिवारी को अपना बड़ा पापा और नेता मोना तिवारी को बड़ी बहन बताया था। बताया कि वह जब पहली बार सात दिसंबर 2023 को मिलने आया तो उसके आधार कार्ड में जन्मतिथि 2000 अंकित थी, जिसका मैंने विश्वास किया और पहचान सही समझकर बातचीत जारी रखी।




