दरोगा का कारनामा: अपहरण के आरोपी का चाकू रखने में किया चालान, एसएसपी ने किया निलंबित
बदायूं के एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने शुक्रवार देर शाम बिनावर थाने में तैनात एसआई हरगोविंद यादव को निलंबित कर दिया। उनके खिलाफ दो मामलों में एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव जांच कर रहे थे। उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने कार्रवाई की है।
बिनावर थाने के एसआई हरगोविंद यादव ने अपहरण के एक आरोपी का चाकू में चालान कर दिया था। एक अन्य मामले में मजदूरों से मारपीट करने वालों को रुपये लेकर छोड़ दिया था, जबकि एक पीड़ित मजदूर का कच्ची शराब में चालान कर दिया था। अपहरण की तहरीर थाना क्षेत्र के एक चौकीदार ने दी थी। उसका पड़ोसी युवक उसकी नाबालिग बेटी को ले गया था। एसआई ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चाकू में चालान कर दिया था।


