चंदौली में बड़ा खुलासा- जब प्रभारी विजय व STF की पड़ी नजर…..लोहे के एंगल और मसालों की आड़ में चल रही थी तस्करी, 20 बोरी में पकड़ा सवा करोड़ का……2 चढ़े हत्थे
लोहे के एंगल और मसालों की आड़ में 501 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
चंदौली, । मुगलसराय पुलिस और एसटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 501.380 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने बिहार के रोहतास जिले के दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक ट्रक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मुगलसराय पुलिस और एसटीएफ वाराणसी की टीम ने कटरिया अंडरपास स्थित पराग डेयरी के समीप घेराबंदी कर टाटा अल्ट्रा ट्रक संख्या बीआर-24जीडी-8352 को रोककर जांच की। ट्रक में लोहे के एंगल और मसालों की खेप लदी थी। तलाशी के दौरान सामान के बीच छिपाकर रखी गई 20 बोरियों से 501.380 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुरेंद्र सिंह यादव और राजकुमार यादव निवासी नूरगंज, सासाराम (रोहतास, बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे उड़ीसा के बौध जिले से गांजा खरीदकर वैध माल के बीच छिपाकर बिहार और पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों में पहुंचाते थे। वहां ऊंचे दामों पर इसकी बिक्री कर मोटा मुनाफा कमाते थे।
आरोपितों ने यह भी स्वीकार किया कि वे पहले भी कई बार इस तरह की खेप विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचा चुके हैं। इस बार बरामद गांजा को वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में खपाने की योजना थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनका मंसूबा विफल हो गया।
इस मामले में थाना मुगलसराय पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह तथा एसटीएफ वाराणसी के निरीक्षक पुनीत परिहार अपनी-अपनी टीम के साथ शामिल रहे।






