Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चकिया – पुलिस टीम पर किया फायरिंग, पुलिस ने दो को गिरफ्तार……पुलिस ने अवैध तंमचा, कार, मोबाइल किया बरामद

चकिया, चन्दौली। जनपद में अवैध खनन और उपद्रव करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश करने वाले दो आरोपितों को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपितों के कब्जे से एक स्विफ्ट कार, दो मोबाइल फोन तथा 315 बोर का अवैध तमंचा और मिस कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 9 मई 2026 को रेंजर चकिया अखिलेश दुबे एवं थाना प्रभारी अर्जुन सिंह वन विभाग और पुलिस टीम के साथ चन्द्रप्रभा रेंज क्षेत्र के ग्राम अलीपुर भांगड़ा में अवैध खनन की सूचना पर पहुंचे थे। मौके पर एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर बिना अनुमति के खनन करते मिले। संयुक्त टीम जब वाहनों को कब्जे में लेकर लौट रही थी, तभी महेंद्र राव, विजेंद्र राव समेत 80 से 100 लोगों की भीड़ ने पुलिस और वन विभाग की टीम को घेर लिया।

आरोप है कि उपद्रवियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए सड़क पर पत्थर रखकर चक्का जाम कर दिया और राहगीरों के साथ अभद्रता की। मामले में थाना चकिया पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

इसी प्रकरण में वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल कुछ लोग स्विफ्ट कार से भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने गणेशपुर बंधी के पास वाहन को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान कार का दरवाजा खोलते ही अभियुक्त संदीप कुमार ने पुलिस टीम पर 315 बोर के अवैध असलहे से फायर कर दिया, हालांकि गोली मिस हो गई।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपितों को दबोच लिया। घटना के बाद से दोनों लगातार छिपकर रह रहे थे और आर्थिक तंगी के कारण शेरवा जाने की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक रामचन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार यादव तथा कांस्टेबल अनिल कुमार सिंह शामिल रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *